अंबेडकरनगर में टांडा कोतवाली क्षेत्र के अजमेरी बादशाह गांव निवासी युवक की घाघरा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, अजमेरी बादशाह गांव निवासी बंटी लाल (36) पुत्र पाचू मंगलवार सुबह करीब नौ बजे फूलपुर स्थित बरामशहीद के पास घाघरा नदी में नहाने के लिए गए थे। ग्रामीणों के अनुसार उनकी साइकिल और कपड़े नदी किनारे बरामशहीद के पास मिले, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। करीब 11 बजे नहाने वाले स्थान से लगभग एक किलोमीटर दूर फूलपुर नदी किनारे पानी में उनका शव उतराता हुआ मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बच्ची को छोड़ गया है। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले ही उसके बड़े भाई की भी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। लगातार दो भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।