भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव पर जीरो रोड जैन मंदिर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। जैन समाज ने दीपावली को भगवान महावीर के निर्वाण दिवस के रूप में मनाते हुए विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान जीरो रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर में 24 किलोग्राम का विशाल निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। श्री दिगंबर जैन पंचायती सभा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सुबह भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक, संगीतमय पूजा, शांतिधारा और आरती हुई। पंडित आशीष जैन के मार्गदर्शन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद श्री निर्मल जैन ने सपरिवार भगवान के चरणों में 24 किलो का निर्वाण लाडू अर्पित किया।