दारागंज थाना क्षेत्र के झूंसी पुल से पहले परायण का पुरवा के पास मंगलवार शाम चलती कार में अचानक आग लग गई। राहगीरों की सूचना पर कार चालक ने गाड़ी रोककर बैठे सभी लोगों को सुरक्षित निकाला। वहीं सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक मेजा के शुक्लपुर गांव निवासी धीरज शुक्ला के परिवार के छह लोग संग आर्टिगा कार से झूंसी स्थित रिश्तेदारी जा रहे थे। चालक रोशन सिंह जैसे ही सरदार पटेल संस्थान सेवा ट्रस्ट के आगे परायण का पुरवा पहुंचे ही थे कि तभी उसके पीछे चल रहे एक बाइक सवार युवक ने कार रोकने का इशारा करते हुए साइलेंसर में आग लगने की सूचना दी। जिसके बाद चालक ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोककर राहगीरों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बीच सड़क पर कार को आग का गोला बनता देख लोगों की भीड़ लग गई। वहीं सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंची और करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उसके बाद वाहनों का आवागन चालू हो सका। एफएसओ राजेश कुमार ने बताया कि कार सीएनजी गैस से चल रही थी। ज्यादा गर्मी की वजह से सिलिंडर में आग लगी।