बाह। महिला को अपने ताऊ के घर के कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने पर बुधवार देर रात मायका और ससुराल पक्ष में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में पहले लात-घूसे चले, फिर एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला किया गया। महिलाओं समेत आधा दर्जन घायल हो गए। जैतपुर पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात सिजवाईपुरा के विजय कुमार की पत्नी बबली अपने मायके अमाही में ताऊ के यहां कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। पति ने उसे जाने से रोका। इस पर विवाद हो गया। सूचना पर बबली के मायके वाले भी पहुंच गए। बहस और कहासुनी के बीच दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पहले लात-घूसे चले, फिर एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला किया गया। सूचना पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। मारपीट में घायल हुए सिजवाईपुरा के कृष्णा, बबली, विजय कुमार, नावली के जसवेन्द्र सिंह, अमाही के शिशुपाल, यशपाल का पुलिस ने मेडिकल कराया है। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किए अमाही के यशपाल, सिजवाईपुरा के कृष्णा एवं विजय कुमार का शांतिभंग में चालान किया है। संवाद