आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर अवंती चौक के पास शनिवार तड़के एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो महिला यात्री घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक भदावर डिपो की रोडवेज बस दिल्ली से सवारियां लेकर बाह जा रही थी। शनिवार तड़के 3:45 बजे के करीब बस जैसे ही कस्बे के अवंती चौक के पास पहुंची तो अनियंत्रित होक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला पहिया निकल गया। इससे बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में भूरी देवी पत्नी रक्षपाल निवासी खेड़ा राठौर और आरती पत्नी धर्मेंद्र निवासी दरभंगा बिहार घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा। पुलिस ने बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। वहीं हादसे के बाद बस चालक और परिचालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।