आगरा। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को रविवार सुबह परीक्षा केंद्रों की नहीं बल्कि शौचालय और पानी की चिंता सताती रही। आईएसबीटी बस स्टेशन पर पानी की मोटर खराब होने से तीनों शौचालय बंद रहे। इससे अभ्यर्थियों और यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डों पर सभी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त होने का दावा किया था। आईएसबीटी बस स्टेशन पर सुबह हालात इसके विपरीत दिखा। पानी की मोटर खराब होने से शौचालयों और स्नानघरों में जलापूर्ति बंद हो गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी इधर-उधर भटकते रहे। महिला अभ्यर्थियों की मुश्किलें और बढ़ गईं जब बाहर स्थित सुलभ शौचालय पर लंबी कतारें लग गईं। कई अभ्यर्थी पानी की बोतलें लेकर खुले स्थानों का सहारा लेने को मजबूर दिखे। शौचालय संचालक चंद्रभूषण ईश्वर ने बताया कि मोटर खराब होने से शौचालय बंद करने पड़े और लोगों का शुल्क भी वापस करना पड़ा। सूचना के बाद मोटर ठीक कर जलापूर्ति बहाल की गई लेकिन तब तक सैकड़ों अभ्यर्थी परेशान हो चुके थे।