आगरा में गणतंत्र दिवस पर डीएम को ज्ञापन देने जा रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। भाकियू नेता मांगों को लेकर ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें आगरा के रामाडा कट (इनर रिंग रोड) पर रोक लिया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने सड़क पर जेसीबी लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने कहा कि उनकी समस्याओं को अनसुना किया जा रहा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बलपूर्वक रोका जा रहा है। सूचना पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद अनिल कुमार ने किसानों को समझा बुझाकर कर शांत कराया। किसानों की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने एसीपी को ज्ञापन सौंपा ।