कागारौल। क्षेत्र के गांव नगला परमसुख में अज्ञात चोरों के गिरोह ने एक किसान के घर से नौ मवेशियों को खोल लिया। इस घटना से किसान को लगभग 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने घटना की सूचना स्थानीय थाने में दर्ज करा दी है। यह पहली बार नहीं है जब पीड़ित किसान को चोरी का शिकार होना पड़ा है। इससे पहले, वर्ष 2023 में भी अज्ञात चोरों ने किसान के घर में सेंध लगाई थी। उस घटना में चोर सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ नकदी भी ले गए थे। विडंबना यह है कि पिछली चोरी का खुलासा भी पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है, ऐसे में यह नई घटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। चोरी की इस वारदात से ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने और चोरी हुए मवेशियों को बरामद करने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई है।