आगरा में सर्किट हाउस में बृहस्पतिवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने निराश्रित गोवंश संरक्षण व पशुपालन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एलान किया कि चार निराश्रित गोवंश पालने वाले किसानों को सरकार 6000 रुपये प्रतिमाह देगी, साथ ही पशु शेड भी उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर खास जोर दिया गया। तय हुआ कि वृहद गो-संरक्षण केंद्रों पर गोबर गैस प्लांट और कम्युनिटी किचन बनाए जाएंगे। इन किचन में बायोगैस से भंडारे और शादी-विवाह का खाना पकेगा, जिससे गोशालाओं की आय बढ़ेगी और एलपीजी पर निर्भरता घटेगी। वहीं, अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि निजी बायोगैस प्लांट लगाने पर जल्द ही 50 फीसदी सब्सिडी देने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। जनप्रतिनिधि करेंगे भूसा दान मंत्री धर्मपाल सिंह की अपील पर भूसा-दान महा अभियान के तहत जिले के सभी विधायकों और सांसदों ने बेसहारा गोवंश के लिए 100-100 क्विंटल भूसा दान करने की घोषणा की। वहीं, एमएलसी विजय शिवहरे ने 200 क्विंटल भूसा देने का संकल्प लिया। बैठक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डीएम मनीष बंसल और सीडीओ प्रतिभा सिंह समेत तमाम अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।