आगरा। सिकंदरा तक मेट्रो पहुंचने की राह तेजी से तैयार हो रही है। सिकंदरा स्टेशन का कॉनकोर्स तल बनकर तैयार हो गया है। आईएसबीटी से सिकंदरा के बीच सभी पियर बन चुके हैं और 230 यू-गर्डर लगाए जा चुके हैं। यह काम पूरा होने पर सिकंदरा, गुरु का ताल और आसपास के इलाकों के लोगों को शहर में आने-जाने के लिए तेज और सुविधाजनक साधन मिलेगा। यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क डॉ पंचानन मिश्र ने बताया कि आईएसबीटी-सिकंदरा खंड में कुल 272 यू-गर्डर लगाए जाने हैं। इनमें 230 का निर्माण पूरा हो चुका है। 52 आई-गर्डर में 36 और 131 पियरकैप में 121 का काम भी पूरा हो गया है। गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन सिंगल पिलर तकनीक से बनाए जा रहे हैं। कॉनकोर्स के निर्माण में डबल-टी और पाई गर्डर का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क यातायात पर कम असर पड़ता है।