आगरा में जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय आगरा जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। पुरुष वर्ग में मौलिक चतुर्वेदी और महिला वर्ग में वान्या बंसल जिला चैंपियन बने। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। जिला टेबल टेनिस संघ की सचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि अंडर-9 बालक वर्ग में अयान शर्मा व बालिका वर्ग में संस्कृति शर्मा विजेता रहे। 11 वर्ष होप्स वर्ग में रेयांश शर्मा और वेदांशी पोद्दार, 13 वर्ष कैडेट वर्ग में नैतिक माहेश्वरी और पहल गुप्ता, 15 वर्ष सब-जूनियर वर्ग में शिवांश सक्सेना और पहल गुप्ता, 17 वर्ष जूनियर वर्ग में ऋषभ विश्वकर्मा और पहल गुप्ता व 19 वर्ष यूथ वर्ग में केशव खंडेलवाल और पहल गुप्ता ने खिताब जीते। पुरुष वर्ग में मौलिक चतुर्वेदी ने श्री सारस्वत को हराकर खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में वान्या बंसल ने सुहानी अग्रवाल को पराजित कर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मास्टर पुरुष वर्ग का खिताब मनोज कुमार ने जीता। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आरवी कोहली, सानवी आनंद, मोहम्मद ईशान, रितिक कुमार, प्रितेश वर्मा, वत्सल कौशिक, सूर्यांश सिंह, त्रिशा ढाकर और एकता सहित अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रो. मीनाक्षी घिल्डियाल ने सम्मानित किया। निर्णायक गर्ग ऋषि, आशुतोष कुमार तिवारी, साहिल कुमार, भव्य और ऋषभ कुमार रहे। इस दौरान मनोज पाराशर, सीए निखिल गुप्ता, मनोज कुमार, सुदर्शन प्रभाकर, गौरव रावत, ध्रुव गुप्ता, अंशुमन प्रताप सिंह, हिमांशु और सूर्यांश शर्मा आदि उपस्थित रहे।