भोले बाबा डेयरी ग्रुप समेत खाद्य उत्पाद क्षेत्र से जुड़े पांच कारोबारियों की फर्मों पर आयकर विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार सुबह ताबड़तोड़ छापे मारे। फर्मों के आगरा, कानपुर, मथुरा, भरतपुर, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर व दिल्ली समेत 35 ठिकानों पर 150 से ज्यादा आयकर अधिकारियों-कर्मचारियों ने दस्तक दी। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा बेनामी संपत्तियों और विदेशी निवेश के साक्ष्य मिले हैं। साथ ही मिलावटी घी बनाने से संबंधित दस्तावेज भी टीमों जब्त किए हैं। आयकर विभाग कानपुर जोन के प्रधान निदेशक (अन्वेषण) पीयूष कोठारी के निर्देश पर आयकर उप निदेशक हार्दिक अग्रवाल के नेतृत्व में आयकर अधिकारी हर्षवधन, रंजन सैनी, संजीव कुमार, सोहनलाल समेत करीब 150 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीमों ने जांच शुरू की। सर्च के दौरान आगरा निवासी कारोबारी कृष्ण मुरारी अग्रवाल, गोविंद व तरुण अग्रवाल, हरिशंकर अग्रवाल, जितेंद्र व वीरेंद्र अग्रवाल के आगरा, कानपुर, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर स्थित आवासीय व व्यावसायिक ठिकानों पर तलाशी ली गई। इसी के साथ कमला नगर निवासी गौरव बंसल की दौसा स्थित दाऊजी मिल्क प्रोडक्ट्स, अमन व अभिषेक जैन की सिरसागंज स्थित पोद्दार मिल्क प्रोडक्ट्स फर्म के ठिकानों पर भी कार्रवाई शुरू की। विभागीय सूत्रों ने बताया कि इन सभी कारोबारियों के ठिकानों से करोड़ों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। साथ ही बेनामी संपत्तियां, विदेशी निवेश तक के साक्ष्य भी मिले हैं।