ईरान-इस्राइल युद्ध की तपिश अब रसोई तक पहुंचती दिख रही है। घरेलू एलपीजी उपभोक्ता फिलहाल दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर घरेलू सिलिंडर के दामों में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलिंडर में 113.50 रुपये की वृद्धि हुई है, वहीं दूसरी ओर त्योहार के बाद सिलिंडर रिफिल की बुकिंग का अंतराल 15 दिन से बढ़ाकर 21 दिन कर दिया गया है। होली के त्योहार के दौरान गैस की खपत में काफी उछाल आया। त्योहार बीतने के बाद जब सिलिंडर खाली हुए, तो उपभोक्ताओं को रिफिल की चिंता सताने लगी। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने बुकिंग के लिए कॉल किया, तो बुकिंग स्वीकार नहीं हुई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पता चला कि अब घरेलू एलपीजी सिलिंडर 925.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 1923.50 रुपये की कीमत पर मिलेगा। आगरा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। होली के तुरंत बाद बुकिंग का दबाव बढ़ जाता है, जिसे नियंत्रित करने के लिए बुकिंग अंतराल 21 दिन किया गया है। मथुरा रिफाइनरी से एलपीजी की आपूर्ति सुचारू है और आगरा में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।