आगरा। कैलाश मेले में नाग पंचमी के नाम पर वन्यजीवों के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया। कैलाश मंदिर प्रांगण में एक व्यक्ति घोड़ा पछाड़ सांप को लेकर पहुंचा और लोगों को उसके साथ सेल्फी लेने तथा गले में सांप डालने के बदले पैसे लेता दिखाई दिया। प्रतिबंध के बावजूद मंदिर परिसर में सांप को इस तरह प्रदर्शित किए जाने से वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। मौके पर जब व्यक्ति से सांप रखने को लेकर सवाल किया गया तो उसने बताया कि सांप को जंगल से पकड़ा था। उसका कहना था कि नाग पंचमी के अवसर पर वह सांप को छोड़ देगा और वह इसे मंदिर में ऐसे ही लेकर आया है। हालांकि, वन्यजीव को पकड़कर सार्वजनिक स्थान पर लाना और लोगों से पैसे लेकर उसके साथ फोटो खिंचवाना नियमों के उल्लंघन है। आगरा में पहले भी सांपों की तस्करी और वन्यजीवों के अवैध इस्तेमाल से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में कैलाश मेले जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में सांप के प्रदर्शन ने निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग और संबंधित वन्यजीव संरक्षण एजेंसियां मामले में क्या कार्रवाई करती हैं।