आगरा की खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के ब्लॉक जगनेर अंतर्गत ग्राम बमनई खुर्द में प्राथमिक विद्यालय के बुधवार सुबह 9 बजे तक भी नहीं खुलने पर ग्रामीण स्कूल के गेट पर धरने पर बैठ गए और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। बता दें की राजस्थान सीमा के समीप गांव बमनई खुर्द के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के बुधवार सुबह 9बजे तक भी विद्यालय नहीं पहुंचने पर छात्र-छात्राऐं स्कूल के बाहर ही बैठे थे।ग्रामीणों को और अभिभावकों को स्कूल के गेट पर ताला लगा और बच्चों के बाहर बैठे होने की जानकारी हुई तो तमाम ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए,और वहीं धरने पर बैठ शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में तैनात महिला शिक्षक का आए दिन यही ढर्रा बना हुआ है और कभी भी विद्यालय समय से नहीं खुलता है।शिक्षक कई कई दिन स्कूल नहीं आती,शिकायत करने पर ग्रामीणों पर ही उल्टे आरोप लगाने लगती हैं।पूर्व में ब्लॉक कार्यालय पर शिकायत भी की गई थी।जिसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय आए थे, उन्होंने शिक्षकों को कार्य प्रणाली सुधारने और समय से विद्यालय खोलने के लिए चेतावनी भी दी थी।परंतु नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा, लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई।और शिक्षक अभी भी समय से नहीं आते हैं और आते भी हैं तो जल्दी चले जाते हैं।