आगरा–जयपुर हाईवे पर विकास खंड अछनेरा के महुअर गांव के पास छुट्टा मवेशियों से हादसे का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राहगीरों के अनुसार मवेशी अक्सर डिवाइडर पर खड़े रहते हैं और अचानक हाईवे पर आकर वाहनों के सामने पड़ जाते हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। महुअर के रहने वाले अनुज पंडित ने बताया है कि शाम और रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। कई वाहन चालक अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के चक्कर में संतुलन खो देते हैं। मुकेश शर्मा, रोहित पंडित, निशांत चौधरी, संदीप शर्मा, भोला पाली सहित कई लोगों ने प्रशासन से छुट्टा मवेशियों को तुरंत गोशाला भिजवाने की मांग की है।