आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम घरेलू कलह के बाद एक पिता ने 11 महीने की बच्ची को यमुना में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले छह-सात महीने से विवाद चल रहा था। आरोपी पत्नी पर अवैध संबंध का शक करता था। पति को शक था कि बेटी उसकी नहीं है। इसी शक में उसके सिर पर खून सवार था। इसी को लेकर आए दिन दोनों में झगड़ा होता था। पूछताछ में आरोपी ने बच्ची को यमुना में फेंकने की बात कबूल की है। बच्ची की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। एसडीआरएफ की टीम भी नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। देर शाम तक बच्ची का पता नहीं चल सका था। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि बच्ची की तलाश जारी है।