आगरा के जैतपुर के नंदगवा रोड पर रविवार देर रात कोर्ट मैरिज करने वाली अंकिता शर्मा (22) की परिजनों ने गला घोंट कर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उसके पिता विमल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। फोरेंसिक टीम साक्ष्य संकलन में जुट गई है। जैतपुर के नंदगवा रोड की रहने वाली अंकिता शर्मा ने नहटोली गांव के अमित पचौरी के साथ फरवरी में कोर्ट मैरिज की थी। अंकिता शर्मा के कोर्ट मैरिज करने से परिजन नाराज थे। जैतपुर पुलिस के मुताबिक नाराज परिजनों ने रविवार देर रात उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी। पड़ोसियों ने 112 नंबर डायल किया तो पीआरवी के साथ जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दरबाजा खुलवा कर अंदर दाखिल हुई पुलिस को अंकिता शर्मा का शव पड़ा मिला। गले में फंदा कसे जाने का निशान था। पुलिस के मुताबिक मौके से पिता विमल शर्मा को गिरफ्तार किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अन्य परिजन छत के रास्ते भागने में सफल रहे। सोमवार को फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। एसओ जैतपुर दीपक कुमार ने बताया कि कोर्ट मैरिज करने से नाराज परिजनों ने बेटी की गला घोंट कर हत्या की है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।