सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को मजबूती देने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक द्वारा फाउंड्री नगर स्थित पीपीडीसी (एमएसएमई टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर) में सोमवार को मेगा आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाप्रबंधक पीएनबी नई दिल्ली अमिताभ आनंद, विशिष्ट अतिथि पीपीडीसी के फील्ड ऑफिसर प्रतीक पाराशर, पीएनबी आगरा की जोनल हेड अंजू मित्तल, सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव और डिप्टी जोनल हेड अनिल आनंद द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों का स्वागत करते हुए जोनल हेड अंजू मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लक्ष्य में एमएसएमई क्षेत्र की अहम भूमिका है। मुख्य अतिथि अमिताभ आनंद ने अपने संबोधन में बैंक की डिजिटल पहल और सरल ऋण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटलीकरण के कारण अब लोन प्रक्रिया पारदर्शी और आसान हो गई है। उद्यमी घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर शीघ्र ऋण स्वीकृति प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीएनबी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से एमएसएमई सेक्टर को निरंतर वित्तीय सहयोग दे रहा है। पीपीडीसी के फील्ड ऑफिसर प्रतीक पाराशर ने केंद्र सरकार की एमएसएमई योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए तकनीकी उन्नयन, गुणवत्ता सुधार और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए उपलब्ध सहायता का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आठ एमएसएमई उद्यमियों को 5 करोड़ से 15 करोड़ रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इससे उद्यमियों में उत्साह देखने को मिला।