पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने बाइक सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग की जेब से 30 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव विजय सिंह की ठार, विप्रावली निवासी विजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सर्वोदय स्कूल के पास खड़े थे। तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए और उन्हें उनके गंतव्य तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने उन्हें उतार दिया और मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग ने जब अपनी जेब देखी तो उसमें रखे 30 हजार रुपये गायब मिले और जेब कटी हुई थीं तभी उन्होंने थाना पिनाहट पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तथा रुपये बरामद करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।