आगरा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से द्वितीय जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन 20 और 21 जुलाई को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। मुकाबले दोपहर एक बजे से शुरू होंगे। आगरा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की सचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11 (होप्स), अंडर-13 (कैडेट), अंडर-15 (सब जूनियर), अंडर-17 (जूनियर), अंडर-19 (यूथ), महिला, पुरुष तथा मास्टर्स वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी 14 जुलाई तक अपनी प्रविष्टि जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता का ओपन ड्रॉ 18 जुलाई को शाम 5:30 बजे एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में निकाला जाएगा। सभी टीम प्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है। जिन खिलाड़ियों का जिला संघ में पंजीकरण नहीं है, उन्हें पहले पंजीकरण कराना होगा। आवेदन के साथ जन्म प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य रहेगा। इस प्रतियोगिता व प्रथम जिला रैंकिंग प्रतियोगिता में अर्जित अंकों के आधार पर खिलाड़ियों का चयन आगामी उत्तर प्रदेश राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।