आगरा के खंदारी निवासी विद्युत विभाग में एई आमिर रिजवी के बेटे उमेर की मौत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। इस दाैरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता से तीखी नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस नेताओं ने एसएन मेडिकल कॉलेज में भारी अवस्था का आरोप लगाया। उनका आरोप है की दवाई नहीं मिल रही है। डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। बाहर से जांच कराई जा रही है। इसके अलावा मरीज और तीमारदारों को परेशान करने के लिए 100से अधिक गार्ड रखे हैं। बच्चे की मौत की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और मुआवजा भी दिया जाए। प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि बच्चे की मौत निमोनिया के कारण हुई थी, बच्चों में जन्मजात सेरेब्रल पाल्सी की बीमारी है। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के आईसीयू में भर्ती 10 साल के उमेर ने तड़के दम तोड़ दिया था। इसी बच्चे के सिर पर बीते दिन इमरजेंसी में छत से प्लास्टर गिर गया था। कॉलेज प्रशासन ने इसे निमोनिया और जन्मजात बीमारी को वजह बताया है। शनिवार को मौत की जानकारी पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर जमकर हंगामा किया था। पुलिस और सुरक्षा गार्ड से नोकझोंक भी हुई थी। सपा नेताओं ने प्लास्टर गिरने से मौत का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की थी।