आगरा के बसई की कलुआराम मंडी के विरोध में सिकंदरा मंडी के व्यापारी ने भी मोर्चा खोल दिया है। वह बृहस्पतिवार से मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने बरौली अहीर मंडी के आढ़तियों की मांग को जायज बताया है। फैसला लिया है कि 24 जुलाई तक प्रशासन ने बसई की मंडियां बंद नहीं की तो वह 25 जुलाई से सिकंदरा मंडी बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे। आलू-प्याज मंडी यूनियन सिकंदरा उपाध्यक्ष राजू चौधरी ने बताया कि सिकंदरा मंडी के व्यापारी बरौली अहीर मंडी में चल रहे धरने के समर्थन में हैं। क्योंकि बसई में संचालित कलुआराम सहित सभी मंडी अवैध हैं। उससे बरौली अहीर के साथ सिकंदरा मंडी के व्यापारियों को भी नुकसान हो रहा है। बहुत बड़ी क्षति मंडी समिति के राजस्व को पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि सिकंदरा मंडी के व्यापारियों ने फैसला लिया है कि वह धरना जारी रखेंगे। अगर 24 जुलाई तक प्रशासन ने बसई की मंडी बंद नहीं की तो सिकंदरा मंडी के सभी आढ़ती हड़ताल पर चले जाएंगे। वह जब तक हड़ताल पर रहेंगे तब तक बसई की सभी मंडी बंद नहीं की जातीं।