सूबे के पर्यटन मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शहर की टूटी सड़कों पर अफसराें को अल्टीमेटम दे दिया है। कहा है कि 15 नवंबर को वह शहर की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इससे पहले अगर सड़कें दुरुस्त न हुईं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रविवार को शहर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए होने वाली प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने यह बात कही। मंत्री ने कहा कि मानसून की वजह से 15 सितंबर की गड्ढामुक्त सड़कों की डेडलाइन का पार होना नजरंदाज किया गया। त्योहारी सीजन से पहले भी सड़कें दुरुस्त न होना गंभीर बात है। कहा कि जो अफसर सरकार के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेंगे, उनसे शासन सख्ती से ही निपटेगा।