आगरा। बिजलीघर रेलवे पुल के नीचे खुले नाले पर लगा लोहे का जाल टूटने से सड़क पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्य मार्ग पर जाल टूटने के कारण आए दिन गाड़ियां इसमें फंस रही हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है, अचानक गड्ढे का अंदाजा न होने से कई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। अधिकारियों की इस लापरवाही के कारण राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर यहां से गुजरने को मजबूर हैं। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही जाल को ठीक नहीं कराया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।