पेट पर बढ़ती चर्बी और धूम्रपान युवाओं को हर्निया की परेशानी दे रहा है। मोटापे से पीड़ित हर तीसरे मरीज में हर्निया की परेशानी मिल रही है। सिजेरियन कराने वाली महिलाओं में भी यह दिक्कत तेजी से बढ़ रही है। हरीपर्वत स्थित होटल में आगरा सर्जंस एसोसिएशन की कार्यशाला में डॉक्टरों ने इस पर चिंता जताई। इंडियन सर्जंस एसोसिएशन के गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डॉ. प्रमोद शिंदे ने बताया कि मोटापे से पेट पर चर्बी (वसा) बढ़ने से मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। खासतौर से बॉडी मास इंडेक्स 35-40 से अधिक होता है, ऐसे लोगों में करीब 30 फीसदी में हर्निया मिल रहा है। 40-50 की उम्र में सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। ये जन्मजात परेशानी है, नवजात में भी ये दिक्कत मिल रही है।