आगरा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की स्मृतियों से जुड़े बटेश्वर हॉल्ट को बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए 33.45 करोड़ रुपये से कार्य किए जाएंगे। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि परियोजना का नवंबर 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। स्टेशन पर 750-750 मीटर लंबी दो लूप लाइन, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल, पंप हाउस और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं विकसित होंगी। आधुनिक सिग्नलिंग और ओएचई में बदलाव होंगे। बटेश्वर के प्राचीन शिव मंदिर, पशु मेला और अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली से जुड़ाव के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं।