आगरा। नवरात्र...मां शक्ति के दिन। इन्हीं दिनों में शक्ति स्वरूपा बेटियों को सर्वाइकल कैंसर का सुरक्षा कवच मिलेगा। 14-15 साल की बेटियों को 23 मार्च से एंटी सर्वाइकल वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को पहले चरण में 13940 ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। इससे सर्वाइकल कैंसर से बचाव होगा। जिले में 14-15 साल की 55,787 किशोरियां हैं। पहले चरण में 13,940 को वैक्सीन लगेगी। इनको एक ही डोज लगाई जाएगी। शहर में महिला जिला अस्पताल, जिला अस्पताल, एसएन मेडिकल कॉलेज केंद्र बनाए हैं। देहात में सभी 15 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन लगेगी। शहर में महिला जिला अस्पताल में वैक्सीन लगाई जाएगी, उसके बाद सभी केंद्रों पर सुविधा शुरू होगी। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि नवरात्र में बेटियों को शक्ति के रूप में पूजते हैं। इनको एंटी सर्वाइकल कैंसर का टीका लगाकर सुरक्षा कवच की सौगात दें।