आगरा को सितंबर तक नए सिविल टर्मिनल की सौगात मिल जाएगी। 55 फीसदी निर्माण कार्य हो चुका है। बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ धनौली स्थित निर्माणाधीन सिविल एंक्लेव का मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट प्रभारी ने मंत्री को बताया कि 441.79 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस एंक्लेव के बेसमेंट का कार्य जटिल था। इसके पूरा होने के बाद अब निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में विकास के लिए धनौली गांव को नगर निगम की परिधि में शामिल कराने की बात भी कही। इससे पहले खेरिया एयरपोर्ट सभागार में आयोजित सलाहकार समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. बघेल ने भविष्य की रूपरेखा बताई। कहा कि नई उड़ानें शुरू होंगी। आगरा से गोवा, सूरत, गुवाहाटी, जम्मू-कश्मीर और बौद्ध सर्किट (वाराणसी) के लिए फ्लाइट शुरू कर इन शहरों को भी जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई कि सीआईएसएफ के जवानों की संख्या बढ़ाकर 250 की जाएगी। उनके आवास और उपकरणों के लिए 5 एकड़ जमीन आवंटित नहीं हो पाई है। सिविल एंक्लेव में 19 चेक-इन काउंटर, 22 डिजी यात्रा डिवाइस और 3 एयरोब्रिज जैसी आधुनिक यात्री सुविधाएं होंगी।