कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 5.0 का आयोजन 22 और 23 फरवरी को फतेहाबाद रोड स्थित होटल होलीडे इन में होगा। इसमें देशभर के 35 विशेषज्ञ समेत 300 से अधिक चिकित्सक हृदय रोग की वजह, बचाव और सर्जरी की नई विधियों पर मंथन करेंगे। शुक्रवार को हरीपर्वत स्थित होटल में संयोजक डॉ. सुवीर गुप्ता ने बताया कि बच्चों में जन्मजात हृदय रोग, युवाओं में बढ़ते हृदय रोग, हार्ट फेलियर, कार्डियक अरेस्ट और हृदय रोग की आधुनिक तरीके से सर्जरी के बारे में व्याख्यान होंगे। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि हृदय रोग में उच्च रक्तचाप, मधुमेह से होने वाले खतरे, बचाव पर भी व्याख्यान होंगे। एम्स के पूर्व अध्यक्ष डॉ. वीके बहल, डॉ. वीएस नारायण, कार्डियोलॉजी सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. संजय त्यागी समेत कई नामी चिकित्सक आएंगे। पोस्टर विमोचन में डॉ. शरद पालीवाल, डॉ. केके विश्वानी, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. रजत रावत, डॉ. ईशान गुप्ता, डॉ. निखिल पुरसनानी, डाॅ. राजीव चुघ, वीरेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।