मथुरा के गोवर्धन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के महिला वार्ड में स्वान (कुत्ता) घूमने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला वार्ड में कई जच्चा-बच्चा भी भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से यहां कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रत्यक्षदर्शी धर्मेंद्र कुमार निवासी अड़ींग ने बताया कि रात के समय गोवर्धन के सीएचसी में सुनीता नामक महिला की डिलीवरी हुई थी। सामान लेकर वहां पहुंचे तो एक स्वान महिला वार्ड में घूम रहा था। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की बड़ी लापरवाही है। यहां चिकित्सक समय से नहीं पहुंचते हैं। वहां मौजूद चिकित्सक इस प्रकरण पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।