आगरा सदर के रोहता में इंडियन ओवरसीज बैंक में डकैती के मामले में फरार 50 हजार के इनामी बदमाश बंटी को रविवार रात मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लग गई। बदमाश के पास से बैंक से लूटे गए तकरीबन छह लाख बरामद किए गए हैं। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि 15 दिसंबर को इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में तकरीबन 57 लाख रुपये की लूट की थी। इस घटना में छह बदमाश शामिल थे। इनमें से पांच को गिरफ्तार करके पूर्व में जेल भेजा गया था। एक आरोपी खंदारी निवासी बंटी फरार था। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। रविवार रात को रोहता चौराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो बदमाश नजर आए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग करते हुए एक को गिरफ्तार कर लिया, आरोपी बंटी है। उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एक सिपाही भी घायल हुआ है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से 6 लाख रुपये, तमंचा और बाइक बरामद की गई है। आरोपी की तलाश के लिए टीम को लगाया गया है।