फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: गोबर और अयोध्या की मिट्टी से बने रामदरबार की करें पूजा

Video Updated Thu, 16 Oct 2025 04:43 PM IST

दिवाली पर्व को पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी परंपरा से जोड़ने की पहल आगरा में भी दिख रही है। इस बार शहरवासियों के लिए एक खास तोहफा लव एंड यू जिंदगी फाउंडेशन की ओर से लाया गया है। फाउंडेशन ने नगर निगम मुख्यालय स्थित काउंटर पर गाय के गोबर और अयोध्या की पवित्र मिट्टी से तैयार मूर्तियों की बिक्री शुरू की है।

इन मूर्तियों में खास बात यह है कि लक्ष्मी-गणेश के साथ-साथ रामदरबार की प्रतिमाएं भी उपलब्ध हैं, जिन्हें गाय के गोबर और अयोध्या की मिट्टी के मिश्रण से बनाया गया है। ये मूर्तियां पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल हैं और पूजा के बाद भी जलाने या विसर्जन से प्रदूषण नहीं फैलातीं।

फाउंडेशन के सदस्य लोकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2015 से इस मुहिम को लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) और रासायनिक रंगों से बनी मूर्तियों के दुष्प्रभाव से जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हर साल दिवाली, गोवर्धन पूजा और अन्य धार्मिक अवसरों पर गाय के गोबर से बनी सामग्री लोगों को उपलब्ध कराई जाती है।

काउंटर पर विभिन्न धार्मिक प्रतीक और सजावटी वस्तुएं भी बिक्री के लिए रखी गई हैं। इनमें वंदनवार, रिद्धि-सिद्धि, शुभ-लाभ, गोमय दीपक, गोवर्धन भगवान, हनुमान जी, भगवान शंकर, कुबेर और सरस्वती माता की मूर्तियां शामिल हैं। इन सभी वस्तुओं को पूरी तरह प्राकृतिक रंगों और देसी तकनीक से तैयार किया गया है।

लोकेश कुमार ने बताया कि गोबर से बनी ये मूर्तियां न केवल सुंदर और टिकाऊ हैं बल्कि इन्हें पूजा के बाद खाद के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पर्यावरण को नुकसान नहीं होता, बल्कि मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है।

नगर निगम मुख्यालय स्थित यह काउंटर सुबह 11 बजे से रात 7 बजे तक खुला रहता है। शहरवासी यहां आकर इन विशेष मूर्तियों को खरीद सकते हैं और इस दिवाली पर्यावरण के संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

यह पहल आगरा में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ “मेड इन इंडिया” और “पर्यावरण मित्र” अभियान को भी बल दे रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें