अगर ठान लिया जाए तो असंभव कुछ भी नहीं। हौसले और दृढ़ संकल्प से मंजिल मिल ही जाती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की कोटखाई की बखोल पंचायत के लोगों ने। उन्होंने जल संरक्षण के लिए एक अनूठी पहल की है। पानी की बावड़ियां सूखने लगीं तो पंचायत के ठीक ऊपर कोटी जंगल में लोगों ने मिलकर चार लाख लीटर क्षमता की मानव निर्मित झील बना दी। समुद्र तल से 8000 फीट की ऊंचाई पर झील के बनने से अब सूखी बावड़ियां फिर से पानी से लबालब हो गई हैं। यह झील लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इन दिनों बच्चे इस झील में बोटिंग का भी आनंद ले रहे हैं। स्थानीय निवासी आत्माराम चौहान और रामलाल चौहान ने 2 साल पहले वन विभाग से अनुमति लेकर कोटी जंगल में झील का निर्माण शुरू किया था।