पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि भाजपा सरकार के समय बंगाणा अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा दिलाया गया, जबकि थाना कलां अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में विकसित किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता थी, ताकि लोगों को उपचार के लिए जिला मुख्यालयों या बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया और कुटलैहड़ क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई। अस्पतालों के भवनों के विकास के साथ-साथ पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया था। कंवर ने कहा कि डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्तियों के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया। बंगाणा सिविल अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए भी योजनाएं तैयार की गई थीं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर (ओटी), अल्ट्रासाउंड सुविधा, कैंटीन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया था, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें। पूर्व मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में शुरू की गई कई योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता है, ताकि जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके।