राजधानी की सब्जी मंडी में सब्जियों के दाम सामान्य बने हुए हैं। ज्यादातर हरी सब्जियां 20 से 60 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रही हैं, जिससे लोगों को राहत मिली हुई है। सब्जियों बिक्रेताओं के अनुसार वीरवार को शिमला सब्जी मंडी में टमाटर और शिमला मिर्च 30 रुपये किलो, करेला 40 रुपये किलो, बैंगन 50 रुपये किलो और फूल गोभी व पत्ता गोभी 30 रुपये किलो बिक रही है। वहीं भिंडी 40 रुपये किलो, मटर 50 रुपये किलो तथा बीन्स और ब्रोकली 60 रुपये किलो में उपलब्ध हैं। तोरी 20 रुपये किलो और गाजर 40 रुपये किलो में बेची जा रही है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि स्थानीय और बाहरी मंडियों से सब्जियों की सप्लाई लगातार बनी हुई है, जिसके चलते कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं है। मौसम साफ रहने से भी सब्जियों की आवक बेहतर बनी हुई है। वहीं लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय की तुलना में इस समय सब्जियों के दाम संतुलित हैं और रोजमर्रा की जरूरत की अधिकांश सब्जियां सामान्य कीमतों पर मिल रही हैं।