फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह, राज्यपाल ने दी सीख- आत्मविश्वास और परिश्रम से हर परीक्षा करें उत्तीर्ण

अंकेश डोगरा Updated Fri, 05 Dec 2025 03:46 PM IST

राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। महाविद्यालय सभागार में हुए इस समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्य रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण विभाग की अध्यक्ष श्रीमती जानकी शुक्ल सम्मानित अतिथि रहीं। समारोह की शुरुआत में प्राचार्या डॉ. अनुरीता सक्सेना ने मुख्य व सम्मानित अतिथि सहित उपस्थित सभी गणमान्यों का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने शैक्षणिक वर्ष 2024–25 की विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, एनएसएस, एनसीसी और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का उल्लेख किया गया। मुख्य अतिथि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने छात्राओं को प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि कन्या महाविद्यालय की उपलब्धियां प्रशंसनीय हैं और यहां की प्रतिभाशाली छात्राएं हिमाचल का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर छात्राएं न केवल शैक्षणिक क्षेत्र बल्कि जीवन के हर पड़ाव में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां नारी का आदर होता है, वहीं देवत्व का वास होता है। राज्यपाल ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, नई तकनीकों के कौशल और अनुसंधान की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही नशे के बढ़ते खतरे को लेकर सचेत करते हुए कहा कि नशा एक व्यक्ति नहीं, पूरे समाज को नष्ट करता है। छात्राओं से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में योगदान दें। उन्होंने नशामुक्त समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया। समारोह में छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नुक्कड़ नाटक, शिव स्तुति, नृत्यांजलि नारी तू नारायणी और हिमाचली नाटी सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें खूब सराहा गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक, खेल, संस्कृति और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में प्राध्यापक वर्ग और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सम्मानित छात्राओं की सूची महाविद्यालय प्रशासन ने जारी की है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें