राजधानी के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में सोमवार से बर्फ जमाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिंक में रात के समय हर एक घंटे बाद पानी का छिड़काव किया जाएगा जिससे बर्फ की परत जमना शुरू हो जाएगी। इसी महीने से खिलाड़ियों को रिंक में स्केटिंग करने की सुविधा भी मिलनी शुरू हो सकती हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार स्केटिंग के अधिक सत्र हो सकते हैं। रिंक में बर्फ जमाने की प्रक्रिया का उद्देश्य पर्याप्त मोटाई बनाना है। स्केटिंग रिंक के संयुक्त सचिव पंकज प्रभाकर ने बताया की सत्र शुरू करने से पहले रिंक की सतह को सही ढंग से समतल करना आवश्यक था जिससे स्केटिंग के दौरान संतुलन बना रहे और चोट लगने की संभावना कम हो सके। उन्होंने बताया कि शिमला आइस स्केटिंग क्लब ने रिंक में स्केटिंग करने की सदस्यता लेने के लिए फीस कोई भी बदलाव नहीं किया है। इस वर्ष भी फीस बीते वर्ष के समान ही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही रिंक में बर्फ जमना शुरू हो जाएगा वैसे ही सत्र भी शुरू कर दिए जाएंगे।