राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में बुधवार को स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए विदाई समारोह 'उड़ान' का आयोजन किया गया। महाविद्यालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राचार्य अनुरिता सक्सेना, पीटीए प्रतिनिधियों, प्राध्यापकों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों और महाविद्यालय में उनके योगदान को याद किया गया। जूनियर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मॉडलिंग तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से विदाई ले रही साथियों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। पूरे समारोह में उत्साह और भावुकता का माहौल बना रहा। प्राचार्य अनुरिता सक्सेना ने अपने संबोधन में छात्राओं को जीवन के अगले चरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की ये छात्राएं भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।