हिमाचल की राजधानी शिमला के राजकीय उच्च विद्यालय विकासनगर में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की विशेष मुहिम के तहत पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पुलिस के सहयोग से आयोजित इस जागरुकता कार्यक्रम में छोटा शिमला थाना प्रभारी ममता रघुवंशी ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। कहा कि युवा अपनी मानसिक समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए गलत लोगों की बातों में आकर नशे का शिकार हो रहे हैं। विद्यार्थी नशे की लत में न पड़े। नशा समाज के लिए एक अभिशाप है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए सामाजिक तौर पर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान समय में सबसे खतरनाक नशे चिट्टे का सबसे अधिक सेवन किया जा रहा है। एक बार व्यक्ति को इसकी लत लग जाती है तो इससे छुटकारा पाना मुश्किल हो जाता है। पुलिस नशा बेचने वालों और नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील में कहा कि स्कूल, घर एवं आसपास के क्षेत्र में कोई नशा बेचता है तो इसकी सूचना पुलिस के टोल फ्री नंबर 100 या 118 नंबर पर दे सकते हैं। जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस दौरान हैड कांस्टेबल ललित शर्मा ने ट्रैफिक नियमों के बारे जागरूक किया। बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सूचना पुलिस को देकर मदद करें। मुख्य आरक्षी रिचा शर्मा ने साइबर ठगी के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि मोबाइल पर अनजान वेबसाइट या अन्य लिंक पर क्लिक न करें। ऐसा करने से ठगी का शिकार हो सकते हैं। किसी अनजान व्यक्ति के साथ अकाउंट नंबर, ओटीपी, पासवर्ड, आधार नंबर, ईमेल आईडी अन्य किसी भी तरह की निजी जानकारी साझा न करें। इन्होंने फेसबुक और व्हाट्सएप हैकिंग के अलावा फर्जी वेबसाइट से होने वाले फ्रॉड के संबंध में सावधानी बरतने की सलाह दी। इस अवसर पर मुख्य आरक्षी गुलबदन ठाकुर और महिला आरक्षी प्रतिभा भी मौजूद रहीं।