राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में रविवार से 'लॉक द बॉक्स' पुस्तक मेला शुरू हो गया। यह मेला 5 अगस्त तक चलेगा, जिसमें करीब 50 हजार पुस्तकों का विशाल संग्रह पाठकों के लिए उपलब्ध कराया गया है। मेले के पहले दिन ही बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी पहुंचे। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक सभी अपनी पसंद की किताबें तलाशते नजर आए। साहित्य, उपन्यास, प्रेरणादायक पुस्तकों, इतिहास, जीवनी और विभिन्न विषयों की किताबों ने पाठकों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजकों के अनुसार मेले में हर आयु वर्ग के पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए पुस्तकों का विस्तृत संग्रह रखा गया है। विशेष रूप से काल्पनिक (फिक्शन) और वास्तविक घटनाओं (नॉन-फिक्शन) पर आधारित पुस्तकें युवाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। पुस्तक प्रेमियों का कहना है कि ऐसे आयोजन पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को किताबों से जोड़ने का अच्छा माध्यम हैं।