हिमाचल प्रदेश के शिमला और मंडी जिला की सीमा पर स्थित तत्तापानी में मकर संक्रांति पर पवित्र स्नान बुधवार सुबह 4:00 बजे से शुरू हुआ। इस दौरान शिमला समेत विभिन्न जिलों से हजारों लोग तत्तापानी में बने गर्म पानी के स्रोतों में पवित्र स्नान किया। ग्रह शांति के लिए लोगों ने तुलादान भी किया। राजधानी समेत विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए एचआरटीसी के लोकल और ग्रामीण डिपो ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है। निगम प्रबंधन के मुताबिक लोगों की भीड़ को देखते हुए और बसें भी चलाई गईं। इसके अलावा सुन्नी में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शिमला से अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया। वाहनों की अधिक संख्या होने पर सुन्नी से पहले घरयाणा में ही वाहनों को खड़ा करने की सुविधा प्रदान की गई। तत्तापानी में होने वाले पवित्र स्नान में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शिरकत की।