गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, शिमला शहरी मंडल की ओर से समरहिल वार्ड में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके जीवन, विचारों और समाज सुधार के योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा नेता संजय सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा शिमला शहरी मंडल के अध्यक्ष दीपक मट्टू, पूर्व पार्षद संजीव ठाकुर तथा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक सद्भाव, सेवा और मानवता के संदेश को समाज के लिए आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक एकता, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करती हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संत गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता, सेवा तथा सद्भावना को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।