हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में गुरुवार को चौथी जिला शिमला ग्रैपलिंग (रेसलिंग) चैंपियनशिप 2025 का आयोजन उत्साह के साथ जारी है। इस प्रतियोगिता में ज़िले के विभिन्न हिस्सों से आए 250 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि प्रतिभागियों की उम्र सात साल से लेकर 60 साल तक है, जिससे यह प्रतियोगिता सभी आयु वर्गों के लिए एक प्रेरणा बन गई है। मैट पर उतरे युवाओं, किशोरों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के बीच दमदार मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। प्रतियोगिता में कई ऐसे खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं जो पहली बार किसी बड़े मंच पर उतरे हैं और खुद को साबित करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश ग्रैपलिंग कमेटी, ग्रैपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया, भारतीय कुश्ती महासंघ, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, तथा भारतीय ओलंपिक संघ के अंतर्गत हो रही है। एसडीएम शिमला शहरी ओशीन शर्मा इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए एक मंच है, बल्कि युवाओं को खेलों की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है।