हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़झाले की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में भाजपा विधायक डॉ. जनकराज भी विजिलेंस जांच के दायरे में आ गए हैं। आईजीएमसी शिमला में डाॅ. जनकराज के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) रहते हिमकेयर से जुड़े आय-व्यय, अस्पतालों को किए गए भुगतान और अन्य वित्तीय मामलों को लेकर विजिलेंस ने उन्हें गुरुवार को पूछताछ के लिए शिमला कार्यालय बुलाया। वहीं जनकराज भी विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे और अपना पक्ष रखा। जांच एजेंसी हिमकेयर के तहत अस्पतालों को जारी भुगतान, योजना से संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड और उनके एमएस कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों से जुड़ी जानकारी जुटाएगी।