सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नारग में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अवसर पर मंगलवार को कुल 160 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 120 मांगें और 40 शिकायतें थी। इनमें से 81 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र निपटारे के लिए प्रेषित किया गया है। उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा ही विकास को राजनीतिक चश्मे से देखती रही है। हमारी सरकार संसाधनों को जुटाने की कोशिश कर रही है जबकि केंद्र सरकार की मदद नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा से हुए भारी नुकसान की भरपाई प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों की है। उन्होंने कहा कि मोदी हिमाचल को अपना घर कह कर छलते रहे हैं, हिमाचल को उन्होंने कोई भी पैसा नहीं दिया, वह चुनाव में तो आएंगे पर हिमाचल में आपदा में नहीं आए। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि एक साल का कार्यकाल ज्यादा नहीं होता। जिस त्रासदी से एक साल में हमारी सरकार गुजरी है। ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला। इस त्रासदी में करीब 500 लोगों की जानें गई हैं। उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा 1.30 लाख रुपये से 7 लाख रुपये किया गया। प्रदेश में कुल 4500 करोड़ रुपये सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान की भरपाई सरकार ने अपने संसाधनों की। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू साधारण परिवार से हैं और सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण स्तर तक जनता से संवाद उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, लेकिन हम हिमाचल को विकास में सर्वोपरि रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आम आदमी, गरीब आदमी की सरकार है। इससे पूर्व नारग पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उद्योग मंत्री का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद उद्योग मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों की ओर स इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अवसर पर 37 विभिन्न राजस्व प्रमाण पत्र भी बनाए गए। कार्यक्रम के अवसर पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से 60 रोगियों की जांच की गई जबकि आयुष विभाग की ओर से 140 रोगियों की जांच की गई तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी दयाल प्यारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रणधीर पंवार, उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कांग्रेस समिति जय प्रकाश चौहान, उपाध्यक्ष कांग्रेस समिति मुनीलाल पंवार, जोन अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष कांग्रेस सेवा दल हरदेव राणा, अध्यक्ष युवा कांग्रेस वीरेंद्र जालटा, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी जिला व अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।