फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उदयपुर: राई के दाने से भी छोटी कलाकृतियां, 1 मिलीमीटर का सोने का दीपक; इकबाल सक्का ने फिर रचा इतिहास

Wed, 04 Nov 2026 03:00 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

दीपावली के पावन पर्व पर उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण शिल्पी प्रोफेसर डॉ. इकबाल सक्का ने अपनी अनूठी कलाकारी से एक बार फिर सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने महज 1 सेंटीमीटर की चांदी की पूजा थाली तैयार की है, जिसमें दीपावली पूजन की पूरी सामग्री को बेहद सूक्ष्म रूप में सजाया गया है। इसमें राई के दाने से भी छोटी सोने और चांदी की कलाकृतियां बनाई गई हैं। डॉ. सक्का का दावा है कि यह दुनिया की सबसे छोटी दीपावली पूजा थाली है। इसे तैयार करने में उन्हें तीन दिन लगे।

1 सेंटीमीटर की थाली में समेटी पूरी पूजा सामग्री
डॉ. इकबाल सक्का ने पान के आकार की इस छोटी सी चांदी की थाली में दीपावली पूजन से जुड़ी तमाम सामग्री तैयार की है। इसमें बत्ती लगा 1 मिलीमीटर का सोने का दीपक, सोने का चावल, कुमकुम की डिब्बी, पानी का कटोरा और छोटा सा नारियल शामिल है। इसके अलावा थाली में छेद वाला सोने-चांदी का सिक्का, 1 मिलीमीटर का कलावा और चांदी की दो पगल्या भी बनाई गई हैं। इस पूरी कलाकृति को तैयार करने में आधा ग्राम सोने और आधा ग्राम चांदी का इस्तेमाल किया गया है। इसकी बारीकियां इतनी सूक्ष्म हैं कि इन्हें सामान्य आंखों से देख पाना मुश्किल है। कलाकृति को स्पष्ट रूप से देखने के लिए लेंस की जरूरत पड़ती है।

पढे़ं: अरुणाचल में लापता अग्निवीर का 80 दिन बाद मिला पार्थिव शरीर, रक्षाबंधन पर घर आने का किया था वादा

पहले भी बना चुके हैं कई सूक्ष्म कलाकृतियां
डॉ. इकबाल सक्का इससे पहले भी सोने की कई बेहद छोटी और अनूठी कलाकृतियां बना चुके हैं। इनमें दुनिया की सबसे छोटी सोने की चेन और चाय की केतली जैसी कलाकृतियां शामिल हैं। उनके मुताबिक, उनकी कई कलाकृतियां गिनीज बुक सहित विभिन्न रिकॉर्ड में दर्ज हैं। डॉ. सक्का अब तक 211 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम होने का दावा करते हैं। दीपावली के अवसर पर तैयार की गई इस पूजा थाली को भी वे अपना नया विश्व रिकॉर्ड बता रहे हैं।

रिकॉर्ड संभालने के लिए जगह की कमी, सरकार से सहयोग की उम्मीद
अपनी सूक्ष्म कलाकारी के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उदयपुर का नाम रोशन करने वाले डॉ. सक्का के सामने एक अलग चुनौती भी है। उनका कहना है कि उनके नाम दर्ज रिकॉर्ड और उपलब्धियों से जुड़े प्रमाणों को सुरक्षित रखने के लिए उनके पास पर्याप्त जगह नहीं है। वे लंबे समय से सरकार से सहयोग और अपनी कलाकृतियों को सुरक्षित रखने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। डॉ. सक्का का कहना है कि उनकी कोशिश भारतीय कला और संस्कृति को दुनियाभर में पहचान दिलाने की है। दीपावली के मौके पर उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी हर घर में प्रवेश करें और सभी परिवारों को सुख, समृद्धि और खुशियों का आशीर्वाद दें

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें