राजस्थान में इसी साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से गहमागहमी तेज हो गई है। लेकिन, सचिन पायलट और सीएम अशोक गहलोत के बीच की तकरार भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। अशोक गहलोत और सचिन पायलट खेमे के बीच जबरदस्त खींचतान चल रही है। कांग्रेस आलाकमान से मिली सख्त चेतावनी के बाद भी दोनों गुट के नेता एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। इस बीच, सचिन पायलट ने एक बार फिर से विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं होने वाले सीएम अशोक गहलोत के खेमे के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा दी है। सचिन पायलट ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता मामले में इतनी देरी क्यों हो रही है ये समझ नहीं आ रहा? राजस्थान चुनावों से पहले पार्टी को ये तय करना होगा कि हमें किस दिशा में आगे बढ़ना है।