विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की सीट पर 2300 वोटों से जीत हासिल कर विधायक बने दीनदयाल बैरवा ने आज कहा कि मैं दौसा की जनता की ताउम्र सेवा करना चाहता हूं और जिले में कांग्रेस सरकार के समय हुए विकास के कामों को गति दूंगा। गौरतलब है कि बैरवा ने भाजपा के कद्दावर नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा को इस उपचुनाव में हराकर जीत का परचम लहराया है।
उपचुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित विधायक बैरवा के घर आज बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ देवदर्शन यात्रा की शुरुआत की और पहाड़ी पर स्थित बाबा नीलकंठ के मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
उन्होंने पार्टी के बड़े नेताओं और दौसा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गहलोत सरकार के समय दौसा विधानसभा में जिन विकास कार्यों की शुरुआत हुई थी उन्हें वापस गति दी जाएगी। दौसा विधानसभा के लिए उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सबसे पहले दौसा में पानी लाने का प्रयास करूंगा।