फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar News: देशी से ‘अंग्रेजी शराब’ बनाने का गोरखधंधा, आबकारी पुलिस ने नकली माल के साथ एक को किया गिरफ्तार

Wed, 29 Oct 2025 10:58 PM IST
अलवर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

अलवर जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब तैयार करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। नयाबास इलाके में देवयानी हॉस्पिटल के पास एक मकान पर दबिश देकर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो देशी शराब को अंग्रेजी शराब बताकर बेच रहा था। आरोपी के पास से नकली रॉयल स्टैग की बोतलें, ढक्कन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है।
 
देशी शराब को अंग्रेजी ब्रांड में बदलता था आरोपी
आबकारी विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। वह देशी आरएमएल ब्रांड की शराब को रॉयल स्टैग की खाली बोतलों में भरकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचता था। जांच में सामने आया कि वह यह नकली शराब आसपास की दुकानों पर सप्लाई करता था और इससे मोटा मुनाफा कमा रहा था, जबकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा था।
 
पुलिस को मिली बड़ी मात्रा में नकली शराब और सामग्री
दबिश के दौरान पुलिस ने 6 पेटियां देशी शराब, आरएमएल ब्रांड के 37 पव्वे, रॉयल स्टैग के 5 पव्वे, 135 ढक्कन और एमसीडी ब्रांड के करीब 400 ढक्कन बरामद किए। इसके अलावा, आरोपी के घर से नकली पैकिंग की पूरी सामग्री भी मिली। बताया जा रहा है कि आरोपी बोतलों को इस तरह सील करता था कि वे पूरी तरह असली जैसी दिखती थीं।

यह भी पढे़ं- Rajasthan: बहन के लापता होने से परेशान नाबालिग चढ़ी हाईटेंशन बिजली टॉवर पर, बोली- किरोड़ी लाल मीणा को बुलाओ
 
गिरोह के और सदस्यों तक पहुंचेगी जांच
आबकारी पुलिस का कहना है कि यह पहली बार है जब देशी शराब को अंग्रेजी शराब में बदलने का मामला सामने आया है। आरोपी से पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस अब इस रैकेट की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें